बस्तर। जिले के करपावंड गांव में जमीन विवाद ने शनिवार को उग्र रूप ले लिया। अदालत के आदेश पर जमीन की पैमाइश और कब्जा दिलाने पहुंची राजस्व विभाग की टीम के सामने विवाद इतना बढ़ गया कि ग्रामीणों ने जमीन मालिक, जमीन विक्रेता और राजस्व निरीक्षक (RI) के साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया, जिसके चलते पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, शेराराम चौधरी ने मदन निषाद से करीब 10 एकड़ 10 डिसमिल भूमि खरीदी थी। इस जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। मामला न्यायालय पहुंचा, जहां फैसला शेराराम के पक्ष में आया। कोर्ट के निर्देश के बाद राजस्व विभाग की टीम जमीन की नापजोख और कब्जा दिलाने के लिए गांव पहुंची थी।
प्रशासन का कहना है कि, कार्रवाई पूरी तरह न्यायालय के आदेश और राजस्व रिकॉर्ड के आधार पर की जा रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया, जिससे माहौल बिगड़ गया और मारपीट की घटना हुई। वहीं ग्रामीणों और सरपंच का आरोप है कि जमीन की पैमाइश गलत नक्शे के आधार पर की जा रही थी। उनका कहना है कि, रिकॉर्ड में सुधार किए बिना कब्जा दिलाने की कार्रवाई उचित नहीं थी। फिलहाल पुलिस गांव में स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मामले की जांच जारी है।
