कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में दसवीं कक्षा की एक छात्रा को कथित रूप से अश्लील वीडियो और संदेश भेजने तथा उससे न्यूड फोटो-वीडियो मांगने के आरोप में पुलिस ने एक शिक्षक को गिरफ्तार किया है। पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार मामला बांदे थाना क्षेत्र के एक स्कूल का है। आरोपी आशीष मंडल (30), निवासी पी.व्ही.-40 पुरुषोत्तम नगर, स्कूल में गणित का शिक्षक है और पिछले 10 साल से वहां पदस्थ है।
पुलिस के मुताबिक 16 अगस्त को स्कूल में गणित विषय की अतिरिक्त क्लास के दौरान आरोपी शिक्षक ने दसवीं की छात्रा का मोबाइल नंबर लिया था।आरोप है कि इसके बाद उसने छात्रा को अश्लील मैसेज और वीडियो भेजने शुरू कर दिए तथा उससे भी न्यूड फोटो-वीडियो भेजने के लिए दबाव बनाया। छात्रा के ऐसा नहीं करने पर उसे परीक्षा में फेल करने का डर दिखाने और मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप है।
लगातार दबाव से परेशान छात्रा ने घटना की जानकारी अपनी मां को दी। इसके बाद छात्रा की मां ने 20 अगस्त को बांदे थाने में शिकायत दर्ज कराई।शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर आरोपी शिक्षक को हिरासत में लिया। जांच के दौरान घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
Read more:- इंदिरा गांधी कृषि विवि के दो प्रश्नपत्र लीक मामले में प्रोफेसर समेत छह गिरफ्तार, दो फरार
बांदे पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ बीएनएस की धारा 75, पॉस्को और आईटी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों और जब्त मोबाइल फोन को विवेचना में शामिल किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जिला जेल कांकेर भेज दिया गया। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
