मुंबई। रॉकिंग स्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ का पहला गाना ‘तबाही’ रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। शानदार विजुअल्स, दमदार संगीत और यश व कियारा आडवाणी की पहली ऑनस्क्रीन जोड़ी ने फैंस की एक्साइटमेंट को और बढ़ा दिया है। म्यूजिक वीडियो में पहली बार फिल्म ‘टॉक्सिक’ की दुनिया की झलक देखने को मिली है। यश और कियारा की रोमांटिक केमिस्ट्री, खूबसूरत लोकेशंस और बेहतरीन सिनेमैटोग्राफी ने गाने को खास बना दिया है। यह सिर्फ एक रोमांटिक ट्रैक नहीं, बल्कि फिल्म की भावनात्मक कहानी की पहली झलक भी पेश करता है।
गाने का संगीत और आवाज विशाल मिश्रा ने दी है। हिंदी वर्जन के बोल राज शेखर ने लिखे हैं। वहीं, इस गीत को हिंदी के अलावा कन्नड़, तेलुगु, तमिल और मलयालम सहित कुल पांच भाषाओं में रिलीज किया गया है, ताकि यह देशभर के दर्शकों तक अपनी भावनाओं के साथ पहुंच सके। फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक गीतू मोहनदास ने किया है। फिल्म की कहानी भी उन्होंने यश के साथ मिलकर लिखी है। फिल्म में यश और कियारा आडवाणी के अलावा नयनतारा, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत और हुमा कुरैशी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। KVN प्रोडक्शंस और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के बैनर तले बनी यह फिल्म 26 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
