मुंबई। ‘बिग बॉस 20’ में इस सप्ताह हुए सरप्राइज मिड-वीक एविक्शन के बाद रीति तिवारी घर से बाहर हो गईं। हालांकि अब शो के नए प्रोमो ने उनकी वापसी को लेकर दर्शकों के बीच चर्चा बढ़ा दी है। शुक्रवार के एपिसोड में कैप्टेंसी के तीन दावेदार माही गिल, यंग डीएसए और उदिति सिंह को नॉमिनेटेड कंटेस्टेंट्स में से एक नाम चुनने का टास्क दिया गया था। तीनों ने आपसी सहमति से रीति तिवारी का नाम चुना और इसके बाद उन्हें घर से बाहर कर दिया गया।
अब ‘वीकेंड का वार’ के प्रोमो में सलमान खान रीति के एविक्शन को लेकर घरवालों से सवाल करते नजर आ रहे हैं। प्रोमो में सलमान कहते हैं कि क्या घरवालों को लगा कि उनकी एक गलती के आधार पर रीति के बारे में राय बनाना सही था और क्या सच में उन्हें घर से बाहर कर दिया गया है। इसके बाद वह सीजन में ‘तथास-टू’ का जिक्र करते हैं और प्रोमो में रीति की आवाज सुनाई देती है। यह सुनकर घर के सदस्य हैरान और उत्साहित नजर आते हैं। कनिका चौंक जाती हैं, जबकि आम्रपाली भावुक दिखाई देती हैं। हालांकि प्रोमो के बावजूद रीति की दोबारा घर में एंट्री को लेकर मेकर्स की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
रीति के एविक्शन का फैसला करने वाले तीनों दावेदारों ने उनकी कथित तौर पर कंफ्यूजिंग पर्सनालिटी को नाम चुनने की वजह बताया था। तीनों ने अंत में रीति का नाम तय किया और वह सरप्राइज एविक्शन के जरिए शो से बाहर हो गईं। अब प्रोमो के बाद दर्शक उनकी संभावित वापसी को लेकर उत्सुक हैं।
