मुंबई। सिनेमाघरों में इन दिनों साउथ से लेकर बॉलीवुड तक की फिल्मों के बीच बॉक्स ऑफिस पर कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। इस रेस में तमिल सुपरस्टार सूर्या की एक्शन-ड्रामा फिल्म ‘करुप्पु’ सबसे आगे निकल गई है। फिल्म ने रिलीज के महज छह दिनों के भीतर ही 100 करोड़ रुपये का जादुई आंकड़ा पार कर लिया है। बुधवार को फिल्म ने 10.30 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की, जिससे इसका कुल कलेक्शन अब 105.35 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
दूसरी तरफ, आयुष्मान खुराना की कॉमेडी फिल्म ‘पति पत्नी और वो दो’ की रफ्तार अब धीरे-धीरे कम होती दिख रही है। फिल्म ने अपने छठे दिन बुधवार को 2.75 करोड़ रुपये का बिजनेस किया, जिसके बाद इसका कुल कलेक्शन 27 करोड़ रुपये हो पाया है। वहीं, दिग्गज अभिनेता संजय दत्त की फिल्म ‘आखिरी सवाल’ बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह संघर्ष कर रही है। फिल्म ने बुधवार को महज 19 लाख रुपये कमाए और छह दिनों में यह सिर्फ 2.59 करोड़ रुपये ही बटोर सकी है।
धार्मिक और पौराणिक जॉनर की फिल्म ‘कृष्णावतारम पार्ट 1’ (भगवान श्रीकृष्ण की रासलीला पर आधारित) ने अपने 14वें दिन पहली बार लाखों में कमाई की। बुधवार को फिल्म का कलेक्शन 98 लाख रुपये रहा, जिससे इसकी कुल कमाई 23.65 करोड़ रुपये हो गई है। इसके उलट, मराठी सिनेमा में रितेश देशमुख की ‘राजा शिवाजी’ का जलवा 20वें दिन भी बरकरार है। फिल्म ने तीसरे बुधवार को भी 1.10 करोड़ रुपये की मजबूत कमाई की, जिससे इसका कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 88.10 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है।
