ग्लोबल मार्केट में हलचल: सोने-चांदी की चाल पड़ी सुस्त, सीमित दायरे में सिमटा कारोबार

Follow Us

मुंबई। वैश्विक स्तर पर जारी उतार-चढ़ाव और भू-राजनीतिक मोर्चे से आ रही खबरों के बीच भारतीय सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में सुस्ती देखी जा रही है। शुक्रवार को शुरुआती कारोबार के दौरान दोनों ही कीमती धातुएं मामूली गिरावट के साथ एक सीमित दायरे में कारोबार करती नजर आईं। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का 5 जून 2026 का कॉन्ट्रैक्ट हल्की कमजोरी के साथ 1,59,498 रुपये पर खुला और शुरुआती सत्र में यह 0.25 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,59,201 रुपये के स्तर पर आ गया। बाजार खुलने के बाद सोने ने 1,58,816 रुपये का निचला स्तर और 1,59,498 रुपये का ऊपरी स्तर छुआ।

सोने की तरह चांदी के दामों में भी आज मंदी का रुख देखने को मिला। MCX पर चांदी का 5 जुलाई 2026 का कॉन्ट्रैक्ट गिरावट के साथ 2,73,800 रुपये पर ओपन हुआ और कुछ ही देर में यह 0.19 फीसदी लुढ़ककर 2,74,350 रुपये पर कारोबार करने लगा। इस दौरान चांदी ने 2,73,266 रुपये का न्यूनतम और 2,75,000 रुपये का उच्चतम स्तर बनाया। अंतर्राष्ट्रीय बाजार (Comex) में भी कमजोरी का असर दिखा, जहां सोना गिरकर 4,527 डॉलर प्रति औंस और चांदी 76.88 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।

बाजार के जानकारों के मुताबिक, कीमतों में इस स्थिरता और मामूली गिरावट की बड़ी वजह ईरान और अमेरिका के बीच तनाव कम होने के संकेत हैं, जिससे वैश्विक अनिश्चितता थोड़ी थमी है। मध्यस्थों के जरिए दोनों देशों के बीच समझौते को लेकर बातचीत जारी है। इसके अलावा घरेलू स्तर पर भारतीय शेयर बाजार (सेंसेक्स और निफ्टी) की सकारात्मक शुरुआत ने भी निवेशकों का रुख इक्विटी की तरफ मोड़ा है, जिससे सर्राफा बाजार में फिलहाल ठहराव देखा जा रहा है।