बार-बार हो रही एलर्जी? धूल ही नहीं, ये 6 छिपे कारण भी हो सकते हैं जिम्मेदार

Follow Us

एलर्जी को अक्सर लोग सिर्फ धूल-मिट्टी या खानपान से जोड़कर देखते हैं, लेकिन विशेषज्ञों के मुताबिक इसके पीछे कई ऐसे छिपे कारण भी हो सकते हैं, जिन पर आमतौर पर ध्यान नहीं दिया जाता। यही वजह है कि सावधानी बरतने के बावजूद कई लोगों को बार-बार छींक आना, नाक बंद होना, आंखों में जलन और त्वचा पर लाल चकत्तों जैसी समस्याएं बनी रहती हैं।

पीजीआई चंडीगढ़ की एचओडी डॉ. जयमंती बख्शी के अनुसार, शरीर की एलर्जी प्रतिक्रिया कई बार रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े सामान्य दिखने वाले ट्रिगर्स से भी शुरू हो सकती है। घर के अंदर की खराब हवा, बंद कमरे, वेंटिलेशन की कमी और बिस्तर, तकिए व पर्दों में जमा धूल के कण एलर्जी को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

इसके अलावा पालतू जानवरों के बाल और त्वचा के कण, वाहन व सिगरेट का धुआं, औद्योगिक प्रदूषण, मौसम में अचानक बदलाव, मानसिक तनाव और कॉस्मेटिक या डिटर्जेंट में मौजूद केमिकल भी एलर्जी के प्रमुख कारण बन सकते हैं।

विशेषज्ञों का कहना है कि यदि बार-बार एलर्जी के लक्षण दिखाई दें, तो केवल बाहरी कारणों को जिम्मेदार मानने के बजाय इन छिपे ट्रिगर्स की पहचान करना भी जरूरी है। समय पर सही कारण पता लगाकर और आवश्यक सावधानी अपनाकर एलर्जी की समस्या को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।