रायपुर। राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारतीय भारोत्तोलकों के शानदार प्रदर्शन पर छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने स्वर्ण पदक विजेता मीराबाई चानू तथा रजत पदक विजेता रिशिकांता सिंह चानंबम और राजा मुथुपांडी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। वित्त मंत्री ने कहा कि, भारतीय खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन, कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का गौरव बढ़ाया है।
उन्होंने विशेष रूप से मीराबाई चानू की ऐतिहासिक उपलब्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों में लगातार तीसरी बार स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय वेटलिफ्टर बनकर नया इतिहास रचा है। यह उपलब्धि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। चौधरी ने पुरुष 60 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीतने वाले रिशिकांता सिंह चानंबम और 65 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक हासिल करने वाले राजा मुथुपांडी की भी सराहना करते हुए कहा कि, दोनों खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से दुनिया के सामने भारतीय प्रतिभा और खेल कौशल का परिचय दिया है।
उन्होंने कहा कि, राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के खिलाड़ियों की लगातार सफलता यह साबित करती है कि, भारतीय खेल जगत नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। इन खिलाड़ियों की उपलब्धियां देश के युवाओं और उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। वित्त मंत्री ने तीनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे आने वाले अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भी भारत का नाम इसी तरह रोशन करते रहेंगे।



