दुर्ग। जिले में पुलिस और आम नागरिकों के बीच भरोसा मजबूत करने के लिए एक अहम पहल शुरू की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवार ने “पुलिस जन मित्र योजना” की शुरुआत करते हुए सामुदायिक पुलिसिंग को नई दिशा दी है। इस योजना का उद्देश्य लोगों को सीधे पुलिस से जोड़ना और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर जागरूक बनाना है। योजना के तहत थाना सुपेला और खुर्सीपार क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर नागरिकों को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, नशे के दुष्प्रभाव और यातायात नियमों की जानकारी दी जा रही है। साथ ही, डिजिटल सुरक्षा और सूने मकानों की देखरेख जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी मार्गदर्शन दिया जा रहा है।

दुर्ग पुलिस द्वारा जागरूकता पोस्टर और गाइडलाइन के जरिए लोगों को जरूरी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी जा रही है, जैसे 1930 (साइबर फ्रॉड), 1091 (महिला सुरक्षा) और 1033 (नशा नियंत्रण) अधिकारियों का कहना है कि इन नंबरों के सही उपयोग से समय रहते मदद मिल सकती है और अपराधों को रोका जा सकता है। इस पहल के जरिए पुलिस न सिर्फ अपराध रोकने की दिशा में काम कर रही है, बल्कि नागरिकों को जिम्मेदार भागीदार बनाने पर भी जोर दे रही है। आपात स्थिति में त्वरित सहायता और बेहतर समन्वय इस योजना की प्रमुख विशेषताएं हैं। दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि, वे इस योजना से जुड़ें, सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि मिलकर एक सुरक्षित और जागरूक समाज बनाया जा सके।

