रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का प्रस्तावित बस्तर दौरा अचानक स्थगित कर दिया गया है, जिससे पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के साथ होने वाला कार्यक्रम भी प्रभावित हुआ है। पहले दोनों के एक साथ कई कार्यक्रमों में शामिल होने की योजना थी, लेकिन अब कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। नई रूपरेखा के मुताबिक, सचिन तेंदुलकर अब सिर्फ दंतेवाड़ा जिले के छिंदनार गांव का दौरा करेंगे। इससे पहले उनका गीदम ब्लॉक के जांवगा और पनेड़ा समेत कई स्थानों पर जाने का कार्यक्रम तय था, जिसे फिलहाल रद्द कर दिया गया है। दौरे में इस बदलाव के पीछे मौसम और सुरक्षा दोनों कारण बताए जा रहे हैं। बीते दिनों दंतेवाड़ा क्षेत्र में तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि ने हालात प्रभावित किए हैं।
हालांकि, प्रशासन की ओर से आधिकारिक वजह स्पष्ट नहीं की गई है। छिंदनार गांव में कार्यक्रम की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और स्थानीय लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। खास बात यह है कि, सचिन तेंदुलकर के फाउंडेशन के माध्यम से बस्तर के कई स्कूलों में खेल सुविधाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है। गीदम ब्लॉक के कई स्कूलों और आश्रमों में खेल मैदान विकसित किए गए हैं, जिससे बच्चों को बेहतर खेल माहौल मिल सके। इस दौरे के जरिए क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं को प्रेरित करने का उद्देश्य रखा गया है, भले ही कार्यक्रम सीमित कर दिया गया हो।
