रायपुर। राजधानी रायपुर में कैंसर पीड़ित महिला व्याख्याता की चिकित्सा प्रतिपूर्ति राशि रोकने के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार बाबू को निलंबित कर दिया है, वहीं संबंधित प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। पीड़िता की शिकायत के बाद कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने महज दो दिनों के भीतर करीब 2 लाख रुपये की राहत राशि जारी कराने की प्रक्रिया पूरी कराई, जिससे लंबे समय से अटकी सहायता तत्काल मिल सकी। जानकारी के अनुसार, कैंसर से जूझ रही व्याख्याता ने इलाज के दौरान आ रही आर्थिक दिक्कतों को लेकर कलेक्टर से मुलाकात कर मदद की गुहार लगाई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को तुरंत आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद संचालनालय लोक शिक्षण को प्रस्ताव भेजा गया और प्राथमिकता के आधार पर प्रक्रिया पूरी करते हुए दो दिनों के भीतर राशि स्वीकृत कर संबंधित डीडीओ को भुगतान के लिए जारी कर दी गई।
कैंसर पीड़िता की राशि रोके जाने पर कड़ा एक्शन, बाबू निलंबित, प्राचार्य को नोटिस
