प्रेस क्लब परिसर में हवाई फायरिंग का आरोपी गिरफ्तार, पिस्तौल और कारतूस बरामद
रायपुर। राजधानी के मोतीबाग स्थित प्रेस क्लब परिसर में हवाई फायरिंग करने और धमकी देने के मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपी पलाश तिवारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्तौल, एक खाली खोखा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 5:30 बजे प्रेस क्लब परिसर में पिस्तौल से हवाई फायरिंग करने और धमकी देने की शिकायत मिली थी।
प्रेस क्लब के पदाधिकारियों की लिखित शिकायत पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 410/2026 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 125 और 351(2) तथा आम्र्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज होने के कुछ घंटों के भीतर आरोपी पलाश तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। मामले की विस्तृत जांच के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है।
