बलौदाबाजार। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर खनिज विभाग द्वारा लगातार निगरानी रखते हुए कार्रवाई की जा रही है, जिससे अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके। पिछले लगभग डेढ़ महीने में खनिज विभाग ने विशेष अभियान चलाकर कुल 204 मामलों में कार्रवाई की है। इनमें अवैध उत्खनन के 141 और अवैध परिवहन के 63 प्रकरण शामिल हैं। इन सभी मामलों में संबंधित अधिनियमों के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 58 लाख रुपये का अर्थदंड प्रस्तावित किया गया है। विभागीय जानकारी के अनुसार, अवैध ईंट निर्माण के 138, रेत का 1 और मुरूम के 2 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। वहीं, अवैध परिवहन के मामलों में रेत के 55, चूना पत्थर के 6 और ईंट के 2 मामले शामिल हैं। इन सभी मामलों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 और छत्तीसगढ़ के संबंधित खनिज नियमों के तहत कार्रवाई की गई है। प्रशासन का कहना है कि आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि अवैध खनन पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
बलौदाबाजार में अवैध खनन पर सख्ती, डेढ़ माह में 58 लाख का जुर्माना प्रस्तावित
Follow Us
