रायपुर–बिलासपुर हाईवे पर पत्थरबाजी, ड्राइवर की मौत; कई घायल, लूट के शक में जांच

Follow Us

बिलासपुर। रायपुर–बिलासपुर हाईवे पर सोमवार देर रात झाल गाँव के पास अज्ञात बदमाशों ने चलती गाड़ियों पर पत्थर और ईंटें बरसाकर दहशत फैला दी। इस हमले में लोरमी निवासी जगदीश भोंसले की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, जगदीश भोंसले बारात छोड़कर मैटाडोर से लौट रहे थे, तभी करीब 12:30 बजे उनकी गाड़ी पर हमला हुआ और सिर में गंभीर चोट लगने से उन्हें SIMS Hospital में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसी दौरान अंबुजा सीमेंट प्लांट से चकरभाठा जा रहे एक ट्रक पर भी हमला हुआ, जिसमें चालक घायल हो गया और वाहन सड़क से उतर गया। वहीं करीब ढाई किलोमीटर आगे एक स्कॉर्पियो पर पत्थरबाजी के कारण वह पलट गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना मिलते ही बिल्हा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में लूट की नीयत से वारदात को अंजाम देने की आशंका जताई जा रही है। अज्ञात आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें सक्रिय हैं। गौरतलब है कि इस क्षेत्र में पहले भी इस तरह की पत्थरबाजी की घटनाएं सामने आती रही हैं, जिससे राहगीरों में दहशत का माहौल है।