रायपुर में पत्रकार स्व. पंकज शर्मा की प्रतिमा का अनावरण, डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने पत्रकारिता में योगदान को किया याद

Follow Us

रायपुर। वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय पंकज शर्मा की स्मृति को स्थायी बनाने के उद्देश्य से खो-खो पारा स्थित पंकज गार्डन में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया गया। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने प्रतिमा का अनावरण किया। कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू और अनुज शर्मा सहित पत्रकारिता, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोग मौजूद रहे। इस दौरान पंकज शर्मा के जीवन और पत्रकारिता यात्रा पर आधारित करीब एक घंटे की डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई, जिसमें उनके लेखन, संवाद शैली, देश-विदेश में किए गए कार्यों और पत्रकारिता के प्रति समर्पण को याद किया गया।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पंकज शर्मा ने पत्रकारिता को सिर्फ पेशा नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और मिशन के तौर पर निभाया। उन्होंने कहा कि उनकी स्मृति में प्रतिमा स्थापित करना रायपुर की पत्रकारिता की समृद्ध परंपरा को सम्मान देने जैसा है। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि पंकज शर्मा ने अपनी प्रतिभा और लेखनी के जरिए रायपुर की पत्रकारिता को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई। विधायक सुनील सोनी और मोतीलाल साहू ने भी उनके योगदान को याद किया, जबकि वरिष्ठ पत्रकार हिमांशु द्विवेदी ने उनकी पत्रकारिता शैली और लेखन पर विचार रखे।

कार्यक्रम में विधायक अनुज शर्मा ने पंकज शर्मा की स्मृति को और व्यापक बनाने के लिए कई प्रस्ताव रखे। उन्होंने पंकज उद्यान का नाम बदलकर “पत्रकार पंकज शर्मा उद्यान” करने, खो-खो पारा स्थित स्कूल का नाम उनके नाम पर रखने और युवा पत्रकार राज्य अलंकरण की शुरुआत पंकज शर्मा के नाम से करने का सुझाव दिया। इसके अलावा पत्रकारिता विश्वविद्यालय की किसी प्रमुख इमारत का नाम भी उनके नाम पर रखने की बात कही गई। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने इन प्रस्तावों का समर्थन किया। आयोजन रायपुर प्रेस क्लब, अखंड ब्राह्मण समाज छत्तीसगढ़ और विप्र सांस्कृतिक भवन प्रबंधन समिति के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।