लॉस एंजेलिस। कई बार कोई फिल्म सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर ही नहीं, बल्कि फैशन की दुनिया में भी नई पहचान बना लेती है। फिल्म ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ के प्रमोशन के दौरान ज़ेंडया के वेब-इंस्पायर्ड फैशन लुक्स ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। उनके स्टाइल को अब ‘स्पाइडर-कोर’ फैशन ट्रेंड के रूप में देखा जा रहा है। ज़ेंडया ने फिल्म के प्रेस टूर के दौरान स्पाइडर-मैन की थीम को अपने फैशन अंदाज में शामिल किया। उन्होंने स्पाइडर वेब पैटर्न, जालीदार डिजाइन और शानदार डिटेलिंग वाले आउटफिट्स को इस तरह कैरी किया कि उनका लुक कॉस्ट्यूम जैसा नहीं बल्कि हाई फैशन स्टेटमेंट जैसा नजर आया।
उनके सबसे चर्चित लुक्स में से एक रोम में देखने को मिला, जहां उन्होंने जॉर्जियो अरमानी का विंटेज गाउन पहना था। इस गाउन में स्पाइडर वेब से प्रेरित बारीक डिजाइनिंग की गई थी। इसके अलावा उन्होंने जॉन गैलियानो के आर्काइवल डिजाइन वाले गाउन में भी अपनी फैशन पसंद का शानदार प्रदर्शन किया। ज़ेंडया ने अलग-अलग सिलुएट, टेक्सचर और स्टाइलिंग के जरिए स्पाइडर-वेब थीम को हर बार एक नए अंदाज में पेश किया। यही वजह है कि उन्हें मेथड ड्रेसिंग की दुनिया की सबसे चर्चित फैशन आइकन में शामिल किया जाता है।
अब ‘स्पाइडर-कोर’ ट्रेंड सिर्फ ज़ेंडया तक सीमित नहीं रहा है। सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स और फैशन प्रेमी भी वेब पैटर्न वाली ड्रेस, मेटैलिक एक्सेसरीज, स्पाइडर-वेब नेल आर्ट और जालीदार डिजाइन को अपने स्टाइल का हिस्सा बना रहे हैं। इस ट्रेंड को अपनाने के लिए बड़े डिजाइनर आउटफिट की जरूरत नहीं है। ब्लैक या डार्क कलर की ड्रेस के साथ मेटैलिक ज्वेलरी, मेश फैब्रिक, शीयर पैनल या वेब डिजाइन वाली एक्सेसरीज से भी स्पाइडर-कोर लुक तैयार किया जा सकता है।
