*37 निगरानी/गुण्डा बदमाशों की चेकिंग, 37 वारंटों की तामिली, 07 आबकारी एक्ट के प्रकरण, 03 चाकूबाज जेल भेजे गए एवं 50 आरोपियों पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही*
रायपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी अंकुश स्थापित करने, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने, न्यायालय से जारी लंबित वारंटों का त्वरित निष्पादन करने तथा नशे एवं असामाजिक गतिविधियों पर कठोर नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुरिया के सतत निर्देशन, प्रभावी मॉनिटरिंग एवं मार्गदर्शन में दिनांक 24.07.2026 से आज दिनांक तक पश्चिम क्षेत्र के समस्त थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।
अभियान के दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम), समस्त सहायक पुलिस आयुक्तों, थाना प्रभारियों तथा पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा योजनाबद्ध रणनीति के साथ लगातार कार्यवाही करते हुए अपराधियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। फरार आरोपियों की तलाश तेज की गई, न्यायालय से जारी लंबित स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटों का त्वरित निष्पादन किया गया तथा अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की गई।
इसके साथ ही चाकूबाजी, गुंडागर्दी एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर उनकी सघन चेकिंग की गई तथा ऐसे व्यक्तियों पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही कर क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया गया। पुलिस द्वारा असामाजिक एवं आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि कानून व्यवस्था भंग करने अथवा अपराध में संलिप्त पाए जाने पर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
अभियान के दौरान की गई प्रमुख कार्यवाही –
37 गुण्डा एवं निगरानी बदमाशों की चेकिंग की गई।
चेकिंग के दौरान 03 बदमाशों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की गई।
न्यायालय से जारी 09 स्थायी वारंट तथा 28 गिरफ्तारी वारंट सहित कुल 37 वारंटों की तामिली की गई।
अवैध शराब एवं नशे का कारोबार करने वाले 07 आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्यवाही की गई।
07 चाकूबाजों की चेकिंग की गई, जिनमें से 03 चाकूबाजों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया।
संदिग्ध एवं अपराधों में संलिप्त 50 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के अंतर्गत कार्यवाही कर भविष्य में अपराध की संभावनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया।
पश्चिम क्षेत्र पुलिस द्वारा यह विशेष अभियान लगातार जारी है। अपराधियों, फरार आरोपियों, वारंटियों, नशे के कारोबारियों तथा कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सघन एवं प्रभावी कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।


