धमतरी। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने 18 नवंबर को थाना भखारा का वार्षिक निरीक्षण कर पुलिस की कार्यप्रणाली, अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने लंबित मामलों का प्राथमिकता से निराकरण करने, अवैध शराब, जुआ-सट्टा और नशीले पदार्थों के कारोबार पर सख्त कार्रवाई करने तथा रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों का विश्वास जीतना पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना परिसर, अधिकारी-कर्मचारियों की वेशभूषा और परेड का निरीक्षण किया। उत्कृष्ट परेड और बेहतर टर्नआउट प्रदर्शित करने वाले पुलिसकर्मियों की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत किया। साथ ही पुलिसकर्मियों को शारीरिक स्वास्थ्य और फिटनेस पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने थाना भवन, मालखाना, सीसीटीएनएस कक्ष, पुरुष एवं महिला हवालात तथा जब्त सामग्री के रखरखाव का जायजा लिया। थाना परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण करने के निर्देश भी दिए।
थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण साहू से क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, अपराध नियंत्रण और लंबित अपराध, शिकायत, मर्ग सहित अन्य प्रकरणों की जानकारी ली गई। एसपी ने सभी विवेचकों को लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण करने तथा गंभीर अपराधों की विवेचना निर्धारित समय में पूरी करने के निर्देश दिए।
नौकरी के नाम पर लाखों की वसूली का आरोप, बीजेपी नेत्री संतोषी दुबे परिवार परामर्श केंद्र से हटाई गईं
उन्होंने क्षेत्र में असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने, अवैध शराब बिक्री, जुआ-सट्टा और नशीले पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने तथा रात्रि गश्त को मजबूत बनाने पर जोर दिया। इसके अलावा रोजनामचा, केस डायरी, एफआईआर, अपराध रजिस्टर, मर्ग रजिस्टर, एमएलसी रजिस्टर और गुम इंसान से संबंधित अभिलेखों का निरीक्षण कर कमियों को तत्काल दूर करने तथा रिकॉर्ड नियमित रूप से अपडेट रखने को कहा।
महिला एवं बच्चों से संबंधित अपराधों, गंभीर मामलों और न्यायालयीन प्रकरणों के त्वरित निराकरण के साथ समंस-वारंट की शत-प्रतिशत तामीली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एसपी ने कहा कि थाने पहुंचने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत सम्मान और संवेदनशीलता के साथ सुनी जाए तथा उसका त्वरित और न्यायोचित निराकरण किया जाए।
निरीक्षण के दौरान शस्त्रागार और हथियारों की स्थिति का भी जायजा लिया गया। पुलिसकर्मियों को हथियारों को खोलने-जोडऩे और सुरक्षित संचालन का नियमित अभ्यास करने तथा प्रत्येक माह दो दिन अनिवार्य रूप से हथियार अभ्यास आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के अंत में एसपी ने थाना स्टाफ का दरबार लेकर उनकी विभागीय और व्यक्तिगत समस्याएं सुनीं तथा निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अनुशासन, सतर्कता, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण साहू सहित थाना भखारा के समस्त अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
