लखनऊ अग्निकांड पर सोनू सूद भावुक, बोले- ‘कक्षा सपनों को संवारने की जगह है, अंतिम मंजिल नहीं’

Follow Us

मुंबई। लखनऊ में हुए दर्दनाक अग्निकांड पर बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। सोनू सूद ने लिखा, “एक कक्षा बच्चों के सपनों को संवारने की जगह होनी चाहिए, उनकी अंतिम मंजिल नहीं। लखनऊ अग्निकांड ने दिल तोड़ दिया। इतने सारे युवा जीवन, इतने सारे सपने… भविष्य के अधिकारी, कलाकार, नेता और बदलाव लाने वाले लोग, जिनकी यात्रा शुरू होने से पहले ही खत्म हो गई।”

उन्होंने आगे कहा कि जिन परिवारों ने अपने बच्चों को खोया है, उनके दर्द को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। उनकी प्रार्थनाएं पीड़ित परिवारों और घायलों के साथ हैं। अभिनेता ने इस हादसे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए और कहा कि बच्चों को सिर्फ आंसुओं से नहीं, बल्कि सुरक्षित माहौल और मजबूत सुरक्षा उपायों से न्याय मिलना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदियां दोबारा न हों।