चेन्नई। साउथ और बॉलीवुड अभिनेत्री श्रुति हासन ने अपने होमटाउन चेन्नई में नया घर खरीदा है। नए आशियाने में गृह प्रवेश पूजा की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिनमें अभिनेत्री पारंपरिक परिधान में परिवार के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना करती नजर आ रही हैं। श्रुति हासन का चेन्नई से गहरा भावनात्मक जुड़ाव रहा है। उनका जन्म और बचपन इसी शहर में बीता है, जबकि शुरुआती शिक्षा भी उन्होंने यहीं से प्राप्त की। ऐसे में चेन्नई में नया घर खरीदना उनके लिए सिर्फ एक संपत्ति नहीं, बल्कि अपने बचपन और परिवार से जुड़ी यादों को फिर से जीने जैसा खास पल है।
वायरल तस्वीरों में श्रुति जमीन पर बैठकर पूरे विधि-विधान के साथ गृह प्रवेश की पूजा करती दिखाई दे रही हैं। पूजा स्थल पर पारंपरिक सामग्री, मिठाइयां और नए घर की चाबियां भी नजर आ रही हैं। परिवार के सदस्यों के साथ उनकी मुस्कान इस खास मौके की खुशी को बयां कर रही है। गृह प्रवेश समारोह बेहद सादगीपूर्ण और पारिवारिक माहौल में आयोजित किया गया, जिसमें केवल करीबी रिश्तेदार और परिवार के सदस्य शामिल हुए। इन तस्वीरों को पैपराजी और फैन पेजों द्वारा साझा किया गया है, जिन्हें सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है।
चेन्नई में नया घर खरीदने के बाद अब श्रुति हासन के पास मुंबई और चेन्नई दोनों शहरों में घर हैं। मुंबई स्थित उनका घर पहले भी अपने अनोखे इंटीरियर और म्यूजिक-फ्रेंडली डिजाइन को लेकर चर्चा में रहा है। गॉथिक और रस्टिक थीम पर सजा यह घर उनके संगीत प्रेम को दर्शाता है। अभिनेत्री अक्सर अपने घर में पियानो बजाते हुए वीडियो भी साझा करती रहती हैं। वर्कफ्रंट की बात करें तो श्रुति हासन हाल ही में राम चरण और जाह्नवी कपूर की फिल्म में अपने स्पेशल डांस नंबर ‘Hellallo’ को लेकर चर्चा में रही हैं। इसके अलावा वह अपनी आगामी फिल्म ‘Aakasam Lo Oka Tara’ को लेकर भी सुर्खियों में हैं, जिसका फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
