‘एनर्जी ड्रिंक’ दावे पर FSSAI सख्त, Red Bull-Sting समेत 14 कंपनियों को नोटिस

Follow Us

नई दिल्ली। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने फूड और बेवरेज कंपनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए Red Bull, Sting समेत 14 कंपनियों को नोटिस जारी किया है। प्राधिकरण ने उत्पादों को ‘एनर्जी ड्रिंक’ बताकर किए जा रहे दावों को भ्रामक बताते हुए कंपनियों से जवाब मांगा है। FSSAI के अनुसार, भारत के खाद्य नियमों के तहत ‘एनर्जी ड्रिंक’ नाम की कोई अलग या विशेष खाद्य श्रेणी अधिसूचित नहीं है। ऐसे में उत्पादों पर ‘एनर्जी ड्रिंक’ लिखकर या ऊर्जा बढ़ाने जैसे दावे कर बेचना नियमों के अनुरूप नहीं माना जा सकता।

जानकारी के मुताबिक, नोटिस पाने वाली 14 कंपनियों में 8 ऐसी हैं जिन पर अपने खाद्य उत्पादों के नाम और विज्ञापनों में भ्रामक दावे करने का आरोप है, जबकि 6 कंपनियां अपने उत्पादों को ‘एनर्जी ड्रिंक’ के रूप में प्रचारित कर रही थीं। FSSAI ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर भी स्पष्ट किया कि फूड कैटेगरी सिस्टम का उद्देश्य केवल खाद्य उत्पादों का वर्गीकरण करना है। इसका उपयोग किसी उत्पाद का नाम तय करने या लेबल पर विशेष दावे करने के लिए नहीं किया जा सकता।

प्राधिकरण का कहना है कि यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा और विज्ञापनों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है। हालांकि, इसका यह अर्थ नहीं है कि संबंधित उत्पादों की बिक्री पर तत्काल रोक लगा दी गई है। फिलहाल कंपनियों से नोटिस का जवाब मांगा गया है और आगे की कार्रवाई उनके स्पष्टीकरण के आधार पर की जाएगी।