कर्नाटक में सनसनी: कर्ज के दलदल में उजड़ा हंसता-खेलता परिवार, व्यापारी ने पत्नी-बेटे को मार खुद को दी दर्दनाक मौत

Follow Us

मांड्या। कर्नाटक के मांड्या जिले से एक रूह कपा देने वाली घटना सामने आई है, जहां कर्ज के जाल और निजी फाइनेंस कंपनियों की प्रताड़ना से तंग आकर एक कपड़ा व्यापारी ने पूरे परिवार को खत्म कर दिया। मृतकों की पहचान कपड़ा व्यापारी प्रभाकर, उनकी पत्नी ज्योति और नवविवाहित बेटे संतोष के रूप में हुई है। शुरुआत में इस तिहरे हत्याकांड को एक गहरा रहस्य माना जा रहा था, लेकिन पुलिस को मिले एक सुसाइड नोट ने इस खौफनाक सच से पर्दा उठा दिया।

नोट के मुताबिक, प्रभाकर ने व्यापार में घाटे के बाद कुछ प्राइवेट फाइनेंस कंपनियों से भारी ब्याज पर कर्ज लिया था, जिसे न चुका पाने पर एजेंट उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। इसी हताशा में प्रभाकर ने पहले अपनी पत्नी और इकलौते बेटे की गला घोंटकर हत्या कर दी, और फिर अपनी ही दुकान में जाकर फांसी के फंदे पर झूल गया।

दिल दहला देने वाली बात यह है कि बेटे संतोष की शादी महज डेढ़ महीने पहले हुई थी। घटना की रात उसकी नवविवाहित पत्नी घर के दूसरे हिस्से में सो रही थी। सुबह उठकर उसने सामान्य रूप से पूरे परिवार के लिए नाश्ता भी तैयार किया, लेकिन जब वह सास को जगाने कमरे में गई, तो वहां का मंजर देख उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। मांड्या की एसपी शोभारानी ने बताया कि सुसाइड नोट के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।