छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का कहर, कई जिलों में गर्मी ने तोड़े रिकॉर्डराजनांदगांव 46°C पारा

Follow Us

रायपुर।छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और गर्म हवाओं ने हालात और खराब कर दिए हैं। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक राहत की संभावना कम जताते हुए 18 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। शनिवार को सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे लोग दिनभर गर्मी से बेहाल रहे। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम दिशा से लगातार गर्म और शुष्क हवाएं प्रदेश में प्रवेश कर रही हैं, जिसके कारण तापमान में बढ़ोतरी जारी है। बिलासपुर, दुर्ग, रायगढ़, कोरबा, जांजगीर-चांपा, महासमुंद, धमतरी और गरियाबंद समेत 18 जिलों में हीटवेव की स्थिति बनने की संभावना जताई गई है। कई इलाकों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। रविवार को रायपुर में आसमान साफ रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।