कोण्डागांव। सेवा संकल्प अभियान के तहत रविवार को केशकाल विकासखंड के ग्राम बेड़मा में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर लगाया गया। कार्यक्रम में केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, जनपद पंचायत अध्यक्ष नंदनी पोटाई, जिला पंचायत सदस्य कपिलकांत नाग, सरपंच लम्बोदर सलाम समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। विधायक ने कहा कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों की मांगों और समस्याओं को उनके क्षेत्र में ही सुनकर समाधान की दिशा में काम करना है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से ग्रामीणों से लगातार संपर्क बनाए रखने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने की अपील की।
कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और ग्रामीण क्षेत्रों में अलग-अलग जागरूकता एवं सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने ग्रामीणों से शिविर में उपलब्ध सुविधाओं तथा शासन की योजनाओं का लाभ लेने का आग्रह किया। शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग ने 4 गर्भवती महिलाओं को पोषण टोकरी दी और 4 बच्चों का अन्नप्राशन कराया। समाज कल्याण विभाग ने 20 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए, जबकि राजस्व विभाग ने अतिवृष्टि से प्रभावित 26 लोगों को राहत एवं मुआवजा राशि प्रदान की। राजस्व विभाग की ओर से 5 निवास प्रमाण पत्र, 8 जाति प्रमाण पत्र, 17 स्थायी जाति प्रमाण पत्र, 13 स्वामित्व पत्र, 38 डिजिटल किसान किताब और 10 बी-1 खसरा भी दिए गए। एक व्यक्ति को पटेल नियुक्ति का आदेश मिला।
शिविर में अन्य विभागों ने भी हितग्राहियों को विभिन्न सेवाओं का लाभ दिया। मत्स्य विभाग ने 6 लोगों को मछली बीज, 2 जाल, 2 मेडिसिन और एक आइस बॉक्स उपलब्ध कराया। उद्यानिकी विभाग ने 20 हितग्राहियों को पौधे वितरित किए। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने प्रधानमंत्री आवास योजना के 5 हितग्राहियों को आवास की प्रतीकात्मक चाबी सौंपी। स्वास्थ्य विभाग ने 15 लोगों को आयुष्मान कार्ड, 2 को जन्म प्रमाण पत्र और 2 को पोषण आहार दिया। श्रम विभाग में 10 लोगों का पंजीयन किया गया और मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना, मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना तथा मिनीमाता महतारी जतन योजना के तहत 3 हितग्राहियों को लाभ मिला। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य चरणतीन नेताम, सरपंच संगीता कावड़े, महेश्वरी हिड़को सहित जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, एसडीएम आकांक्षा नायक, तहसीलदार गणेश सिदार, जनपद पंचायत सीईओ अनुराग सिन्हा, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
