धमतरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को धमतरी शहर में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। कृषि उपज मंडी परिसर से शुरू हुई यह यात्रा गांधी मैदान पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने सहभागिता की।
कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक अजय चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ सहकारी बैंक (अपेक्स) के अध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, नगर निगम महापौर रामू रोहरा, पूर्व विधायक रंजना साहू, इंदर चंद चोपड़ा, पिंकी शिवराज शाह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पंचायत सदस्य, पार्षद एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने दिल्ली में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम से जुड़कर उनका संबोधन सुना। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अजय चंद्राकर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्षों की यात्रा का उल्लेख किया। उन्होंने जनकल्याण के कार्यों में समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी और सेवा भावना के महत्व पर अपने विचार रखे।
अपेक्स बैंक अध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान विधायक अजय चंद्राकर ने उपस्थित लोगों को सेवा-संकल्प की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के बाद कृषि उपज मंडी परिसर से गांधी मैदान तक ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली गई। यात्रा में जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। यात्रा के दौरान सेवा, समर्पण और जनभागीदारी का संदेश दिया गया। गांधी मैदान पहुंचने के बाद यात्रा का समापन हुआ। आयोजन से पहले कृषि उपज मंडी परिसर में स्थानीय कलाकारों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों से आयोजन में उत्साह का माहौल बना और स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
