वन मंत्री केदार कश्यप के काफिले को स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर, कई जवान घायल; मंत्री सुरक्षित

Follow Us

कोंडागांव के पास NH-30 पर हुआ हादसा, घायलों को जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप के काफिले के साथ रविवार को कोंडागांव जिले में सड़क हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर जूनवानी/घोड़ागांव के पास सामने से आ रही एक स्कॉर्पियो ने पहले मंत्री के वाहन को टक्कर मारी। इसके बाद अनियंत्रित स्कॉर्पियो काफिले में चल रहे फॉलो वाहन से जा भिड़ी। हादसे में फॉलो वाहन में सवार पुलिस जवान घायल हुए हैं।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मंत्री केदार कश्यप फरसागुड़ा से कोंडागांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कोंडागांव से जगदलपुर की ओर जा रही स्कॉर्पियो ने काफिले को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो ने फॉलो वाहन को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में फॉलो वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।

छत्तीसगढ़ के 100 शिक्षकों ने लिया प्रशिक्षण , पुणे में चार दिवसीय शिक्षक क्षमता संवर्धन कार्यशाला

घटना के बाद घायलों को तत्काल कोंडागांव जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। कुछ घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, घायलों की संख्या और उनकी स्थिति को लेकर अलग-अलग रिपोर्ट सामने आई हैं।

हादसे में वन मंत्री केदार कश्यप सुरक्षित बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। मंत्री केदार कश्यप भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जान रहे हैं। उनके साथ विधायक लता उसेंडी और नीलकंठ टेकाम समेत प्रशासनिक अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे।