BJP पर संजय राउत का तीखा वार: ‘भ्रष्टाचारियों को CM बनाने की परंपरा जारी’, शुभेंदु अधिकारी को लेकर उठाए सवाल

Follow Us

बंगाल। पश्चिम बंगाल में भाजपा द्वारा शुभेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री पद के लिए नामित किए जाने के बाद सियासत गरमा गई है। इस फैसले पर शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय राउत ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। संजय राउत ने कहा कि, भाजपा ने उस परंपरा को आगे बढ़ाया है, जिसमें दूसरे दलों से आए नेताओं को, जिन पर पहले भ्रष्टाचार के आरोप लगते रहे हैं, महत्वपूर्ण पदों पर बैठाया जाता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि, “इस परंपरा के लिए भाजपा का अभिनंदन किया जाना चाहिए, क्योंकि वे इसे बहुत मजबूती से निभा रहे हैं।”

राउत ने दावा किया कि, शुभेंदु अधिकारी पहले तृणमूल कांग्रेस सरकार में मंत्री रह चुके हैं और उन पर भ्रष्टाचार से जुड़े आरोप भी लगे थे। उन्होंने यह भी कहा कि, भाजपा ने पहले खुद इनके खिलाफ भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन चलाया था, लेकिन अब उन्हीं को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी दी जा रही है। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि, पार्टी में शामिल होने के बाद ऐसे नेताओं को बड़े पद मिल जाते हैं, चाहे उनके खिलाफ पहले कितने भी विवाद क्यों न रहे हों। राउत ने यह भी कहा कि, कुछ मामलों में ED की जांच और छापेमारी के बाद भी नेताओं का राजनीतिक पुनर्वास हो जाता है। इस बयान के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है और भाजपा की ओर से अभी तक इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।