रायपुर। विजयादशमी के अवसर पर राजधानी में रावण दहन और धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शहर के अलग-अलग मैदानों में रावण के साथ मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतलों का भी दहन किया जाएगा। मुख्य आयोजन डब्ल्यूआरएस कॉलोनी के रेलवे मैदान में होगा, जहां 101 फीट ऊंचे रावण और 65-65 फीट के मेघनाथ व कुंभकर्ण के पुतले जलाए जाएंगे। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित कई जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के अनुमान को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।
डब्ल्यूआरएस मैदान में ओडिशा और मुंबई की टीमें आतिशबाजी का प्रदर्शन करेंगी। यहां रामलीला का मंचन भी होगा। वहीं, भाठागांव मैदान में 65 फीट ऊंचे रावण और 55-55 फीट के मेघनाथ व कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया जाएगा। यहां जबलपुर की टीम आतिशबाजी दिखाएगी। बूढ़ापारा के सप्रे स्कूल मैदान में 50 फीट ऊंचे रावण का दहन होगा। शाम चार बजे से भजन कार्यक्रम, श्रीराम-लक्ष्मण की झांकी और इसके बाद आतिशबाजी होगी। बोरियाखुर्द खेल मैदान में 45 फीट के रावण और 30-30 फीट के मेघनाथ व कुंभकर्ण के पुतले जलाए जाएंगे। यहां दिन में पतंग उत्सव, सांस्कृतिक नृत्य, योग प्रदर्शन और रामलीला के साथ रात आठ बजे भजन गायक सन्नी अलबेला की प्रस्तुति भी होगी। आयोजकों ने सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, रोशनी, प्राथमिक उपचार और एंबुलेंस जैसी व्यवस्थाएं की हैं।
