मुंगेली। आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए राज्यसभा सांसद संदीप पाठक को लेकर छत्तीसगढ़ में राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। उनके पैतृक गांव बटहा में AAP कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए घर के बाहर नारेबाजी की और दीवारों पर ‘गद्दार’ लिखकर नाराजगी जताई। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने संदीप पाठक पर पार्टी और समर्थकों के विश्वास से ‘धोखा’ करने का आरोप लगाया। विरोध कर रहे कार्यकर्ताओं ने तीखे नारे लगाए और कहा कि, जिन्हें पार्टी का रणनीतिकार माना जाता था, उन्होंने राजनीतिक अवसरवाद का रास्ता चुना है। प्रदर्शन के दौरान ‘थिंक टैंक नहीं, सैप्टिक टैंक’ जैसे नारों ने माहौल और गरमा दिया।

संदीप पाठक के भाजपा में जाने के फैसले को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा आक्रोश देखा गया। स्थानीय स्तर पर इसे ‘सिद्धांत बनाम सत्ता’ की लड़ाई के तौर पर भी देखा जा रहा है। पुलिस और प्रशासन की नजर पूरे घटनाक्रम पर बनी रही। गौरतलब है कि, हाल ही में संदीप पाठक समेत कई राज्यसभा सांसदों ने AAP छोड़ भाजपा का दामन थामा था। इस राजनीतिक घटनाक्रम के बाद राज्यसभा में समीकरण भी बदले हैं। इधर, गांव में हुए विरोध प्रदर्शन ने इस पूरे विवाद को नया राजनीतिक रंग दे दिया है। अब सवाल यह उठ रहा है कि, क्या यह नाराजगी केवल कार्यकर्ताओं तक सीमित रहेगी या इसका असर आने वाले दिनों में व्यापक राजनीति पर भी दिखेगा।

