हैदराबाद। मशहूर गायक सलमान अली ने एक पॉडकास्ट इंटरव्यू में भविष्य में संगीत जगत से दूरी बनाने और आध्यात्मिक जीवन अपनाने की संभावना जताकर नई बहस छेड़ दी है। उनके बयान के बाद सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। इंटरव्यू के दौरान सलमान अली ने अपने बड़े भाई का जिक्र करते हुए बताया कि उन्होंने हज के बाद गायकी छोड़कर धार्मिक और आध्यात्मिक जीवन को प्राथमिकता दी। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह भी कभी संगीत छोड़ेंगे, तो उन्होंने कहा कि जीवन के एक पड़ाव पर वह भी गायकी से दूर होकर इबादत और आध्यात्मिक मार्ग पर चलने का फैसला कर सकते हैं।
धर्म और संगीत को लेकर पूछे गए एक सवाल पर सलमान ने कहा कि यह एक अलग विषय है, लेकिन समाज में कई ऐसी चीजें होती हैं जिन पर लोगों के अलग-अलग विचार होते हैं। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर धर्म, करियर, संगीत और व्यक्तिगत पसंद को लेकर व्यापक चर्चा शुरू हो गई है।जहां कुछ लोगों ने उनकी आस्था और ईमानदारी की सराहना की, वहीं कुछ यूजर्स ने उनके बयान के समय और उसके निहितार्थों पर सवाल भी उठाए। हालांकि कई लोगों का मानना है कि यह पूरी तरह उनका व्यक्तिगत निर्णय है। सलमान अली को 2018 में Indian Idol का विजेता बनने के बाद देशभर में पहचान मिली थी। अपनी दमदार आवाज और सूफी, शास्त्रीय एवं बॉलीवुड संगीत में महारत के कारण उन्होंने संगीत जगत में खास जगह बनाई है।
