रायपुर के तीन सरकारी स्कूलों से शुरू हुआ साईंश्योर न्यूट्रिशन कार्यक्रम, 500 बच्चों को मिलेगा मुफ्त पोषण सहयोग

Follow Us

रायपुर। बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को बेहतर बनाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ में साईंश्योर न्यूट्रिशन कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने श्री सत्य साईं अन्नपूर्णा ट्रस्ट के सहयोग से इस पायलट प्रोजेक्ट का शुभारंभ किया। पहले चरण में रायपुर जिले के तीन शासकीय विद्यालयों के करीब 500 बच्चों को निःशुल्क पोषण सहयोग दिया जाएगा। कार्यक्रम के तहत नवीन प्राथमिक शाला नवागांव, प्राथमिक एवं मिडिल स्कूल परसदा और शासकीय विद्यालय छेरीखेड़ी को शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य बच्चों को नियमित पौष्टिक आहार उपलब्ध कराकर उनके स्वास्थ्य, एकाग्रता और सीखने की क्षमता को बेहतर बनाने में मदद करना है।

कार्यक्रम के शुभारंभ के दौरान ट्रस्ट के ट्रस्टी आनंद कडली, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल की टीम और अन्य अतिथि मौजूद रहे। इस दौरान बच्चों को साईंश्योर न्यूट्रिशन वितरित किया गया। ट्रस्ट के अनुसार, उसकी प्रातःकालीन पोषण सेवा देश के 25 राज्यों और 4 केंद्र शासित प्रदेशों में एक करोड़ से अधिक स्कूली बच्चों तक पहुंच रही है। छत्तीसगढ़ में इस पहल की शुरुआत से पहले जुलाई 2026 में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सत्य साईं ग्राम, मुद्देनहल्ली यात्रा के दौरान पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग को लेकर चर्चा हुई थी।

शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि बेहतर पोषण बच्चों की पढ़ाई और विकास के लिए महत्वपूर्ण है। रायपुर में शुरू किए गए पायलट प्रोजेक्ट के परिणामों के आधार पर भविष्य में इसे राज्य के दूसरे क्षेत्रों और अधिक सरकारी स्कूलों तक ले जाने की योजना है।