रायपुर। गांधी जयंती के मौके पर छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने माना-तूता स्थित प्रस्तावित चित्रोत्पला फिल्म सिटी परिसर में पौधारोपण अभियान शुरू किया। तीन दिनों तक चलने वाले इस अभियान में करीब 1,000 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान में टूरिज्म बोर्ड के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ तूता गांव के सरपंच तथा स्थानीय ग्रामीणों ने भी हिस्सा लिया। टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे की मौजूदगी में अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों ने स्वयं पौधे लगाए और परिसर को हराभरा बनाने का संदेश दिया।
चित्रोत्पला फिल्म सिटी को आधुनिक फिल्म और ऑडियो-विजुअल निर्माण सुविधाओं वाले केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है। इसके साथ ही परियोजना क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ाने और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने को भी विकास योजना में शामिल किया गया है। फिल्म सिटी में निर्माण कार्य के साथ पौधारोपण, लैंडस्केपिंग और हरित क्षेत्र विकसित करने की गतिविधियां चरणबद्ध तरीके से की जाएंगी। टूरिज्म बोर्ड का उद्देश्य परिसर को केवल फिल्म निर्माण के लिए सुविधासंपन्न बनाने तक सीमित नहीं रखना, बल्कि इसे हरियाली और प्राकृतिक वातावरण से जुड़ा आकर्षक स्थल बनाना भी है।
टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे ने कहा कि फिल्म सिटी के विकास में आधुनिक सुविधाओं के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी महत्व दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल, सिंचाई और सुरक्षा पर भी ध्यान दिया जाएगा, ताकि उनका बेहतर सर्वाइवल सुनिश्चित हो सके। अभियान में शामिल लोगों ने पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प भी लिया। आने वाले समय में परिसर में हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए अन्य गतिविधियां भी जारी रखने की योजना है।
इस अभियान में स्थानीय ग्रामीणों की भागीदारी भी रही। सामूहिक पौधारोपण के जरिए पर्यटन से जुड़ी परियोजनाओं के विकास के साथ प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण को संतुलित रखने का संदेश दिया गया। टूरिज्म बोर्ड के अनुसार, चित्रोत्पला फिल्म सिटी के विकास के साथ परिसर में पौधारोपण और हरियाली के संरक्षण का काम आगे भी चरणबद्ध रूप से जारी रहेगा।
