दुर्ग। छत्तीसगढ़ की दुर्ग पुलिस को भिलाई के एक स्क्रैप कारोबारी के सूने मकान में हुई 60 लाख रुपये की हाईप्रोफाइल चोरी का पर्दाफाश करने में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में मुख्य चोर के साथ-साथ चोरी का माल खरीदने वाले मेरठ के एक ज्वेलरी शॉप संचालक को भी दबोच लिया है। आरोपियों के कब्जे से 60 लाख रुपये मूल्य का 400 ग्राम सोना और 3.50 लाख रुपये कैश बरामद किया गया है।
यह सनसनीखेज मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है, जहां नेहरू नगर निवासी स्क्रैप कारोबारी विनय अग्रवाल अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह में गए थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर लाखों के जेवरात उड़ा दिए थे। मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस टीम ने घटनास्थल के आस-पास के 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। सुराग मिलते ही सुपेला पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने दिल्ली और मेरठ में दबिश दी।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी हासीम खान और उसका फरार साथी रायपुर के मौदहापारा में किराए का कमरा लेकर रह रहे थे। ये शातिर अपराधी दिन में दरी, गलीचा और कारपेट बेचने वाले फेरीवाले बनकर घूमते थे और उन घरों की रेकी करते थे जिन पर ताला लटका होता था। मौका मिलते ही एक आरोपी बाहर पहरा देता और दूसरा घर के भीतर हाथ साफ कर देता था। चोरी के बाद वे माल मेरठ के ‘सलीम ज्वेलर्स’ के मालिक सलीम खान को बेच देते थे। पुलिस ने सुनार सलीम को भी मेरठ से गिरफ्तार कर भिलाई लाया है। पूछताछ में आरोपियों ने बिलासपुर, नवा रायपुर और मध्य प्रदेश के जबलपुर में भी ऐसी ही चोरियां करना कबूला है। फिलहाल गिरोह के एक अन्य फरार सदस्य की तलाश जारी है।
