पिछड़ा वर्ग कल्याण योजनाओं की समीक्षा, पात्र हितग्राहियों तक लाभ पहुंचाने के दिए निर्देश

Follow Us

महासमुंद। छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष आर.एस. विश्वकर्मा ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने पिछड़ा वर्ग समुदाय की शासन की योजनाओं में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

बैठक में आयोग के सदस्य यशवंत सिंह, नीलाम्बर नायक, बलदाऊ राम साहू, हरिशंकर यादव सहित आयोग के सचिव अमित श्रीवास्तव , कलेक्टर विनय कुमार लंगेह जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

आयोग अध्यक्ष ने केंद्र और राज्य शासन की योजनाओं में पिछड़ा वर्ग के हितग्राहियों को मिल रहे लाभ, लाभान्वित लोगों की संख्या और विभागवार प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग का उद्देश्य सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक विकास को बढ़ावा देना है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन, उद्यानिकी, स्वरोजगार और उद्योग स्थापना से जुड़ी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। साथ ही युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार के लिए बैंक ऋण, अनुदान और प्रशिक्षण सुविधाओं से जोड़ने पर जोर दिया।

बैठक में विभिन्न विभागों ने संचालित योजनाओं की जानकारी प्रस्तुत की। आयोग अध्यक्ष ने विभागों को आपसी समन्वय के साथ विशेष अभियान चलाकर पिछड़ा वर्ग समुदाय तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिले में संचालित कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी और पात्र हितग्राहियों को अधिकतम लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।