पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास पर शोध को मिलेगा बढ़ावा, मंत्री टंक राम वर्मा ने पुस्तक का किया विमोचन

Follow Us

रायपुर। राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने गरियाबंद जिले के राजिम स्थित शासकीय राजीव लोचन स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राध्यापकों द्वारा संपादित शोधपरक पुस्तक ‘एनवायर्नमेंटल मैनेजमेंट फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट’ का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और अकादमिक उत्कृष्टता का समन्वय आज के समय की जरूरत है। शिक्षा का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को ज्ञान देना नहीं, बल्कि उन्हें प्रकृति के प्रति जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनाना भी है। मंत्री ने पुस्तक के संपादन और प्रकाशन से जुड़े प्राध्यापकों को बधाई देते हुए पर्यावरण जैसे महत्वपूर्ण वैश्विक विषय पर शोध और मौलिक लेखन को सराहनीय पहल बताया।

पुस्तक का संपादन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. समीक्षा चंद्राकर, रसायन शास्त्र के सहायक प्राध्यापक डॉ. देवेंद्र कुमार और वनस्पति शास्त्र के सहायक प्राध्यापक डॉ. सर्वेश कौशिक पटेल के संयुक्त मार्गदर्शन एवं प्रयासों से किया गया है। इसमें पर्यावरण प्रबंधन और सतत विकास के वैज्ञानिक तथा सामाजिक पहलुओं को शामिल किया गया है। जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधनों के अत्यधिक दोहन और पर्यावरणीय असंतुलन जैसी चुनौतियों के बीच पुस्तक में प्रकाशित शोध-पत्र और नीतिगत विषय विद्यार्थियों, शोधार्थियों तथा विशेषज्ञों के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं। मंत्री वर्मा ने उम्मीद जताई कि यह पुस्तक पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सतत विकास पर अकादमिक विमर्श को नई दिशा देने में सहायक होगी।