रायगढ़। लैलूंगा ब्लॉक के शासकीय हाई स्कूल कूपाकानी में मंगलवार को हुए हंगामे के मामले में भाजयुमो के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। स्कूल में सरस्वती साइकिल योजना के तहत बांटी जा रही साइकिलों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए उन्होंने विरोध किया था।
लैलूंगा थाना प्रभारी गिरधारी साव के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने रवि भगत के खिलाफ शांति भंग करने और सरकारी काम में बाधा डालने के मामले में कार्रवाई की। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम कूपाकानी स्थित शासकीय हाई स्कूल में मंगलवार (28 जुलाई) को सरस्वती साइकिल योजना के तहत 7 छात्राओं को साइकिल वितरण किया जाना था। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया था। इसी दौरान रवि भगत स्कूल पहुंचे और साइकिलों की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाते हुए विरोध शुरू कर दिया।
स्कूल प्राचार्य ने उन्हें समझाने का प्रयास किया कि शासन की योजना के तहत साइकिलों का वितरण किया जा रहा है, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे और स्कूल परिसर में धरने पर बैठ गए। उन्होंने उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने और गुणवत्ता की जांच के बाद ही साइकिल वितरण करने की मांग की।
इसके बाद प्राचार्य ने मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को देते हुए पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने रवि भगत को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
