उज्जैन। बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन सोमवार देर रात अपने बच्चों के साथ उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं। यहां उन्होंने बेटी राशा थडानी और बेटे के साथ भगवान महाकाल के दर्शन किए और शयन आरती में शामिल हुईं। इस दौरान पूरा परिवार नंदी हॉल में बैठकर भगवान शिव की आराधना करता नजर आया। दर्शन के बाद रवीना टंडन ने अपनी आस्था जाहिर करते हुए कहा, “बाबा ने बुलाया तो कैसे नहीं आती!” उन्होंने बताया कि विमान से यात्रा करने के बावजूद वह आरती के समय मंदिर पहुंच गईं। अभिनेत्री ने इसे बाबा महाकाल की कृपा बताया।
रवीना ने मंदिर में मिलने वाली आध्यात्मिक अनुभूति और शयन आरती के भक्तिमय माहौल की भी सराहना की। डमरू और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच उन्होंने परिवार के साथ पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। गौरतलब है कि रवीना टंडन पहले भी कई बार महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन करने पहुंच चुकी हैं। वह अपनी बेटी राशा के साथ 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन भी कर चुकी हैं। इस बार बेटे के साथ बाबा महाकाल के दरबार में पहुंचना उनके लिए खास रहा।

