मरवाही के जंगलों में दुर्लभ सफेद भालू की चहलकदमी, ग्रामीणों में दहशत; वन विभाग अलर्ट

Follow Us

कुदरी गांव के पास सड़क किनारे दिखा भालू, राहगीरों ने मोबाइल में कैद किया वीडियो; करीब एक साल से क्षेत्र में मौजूदगी का दावा

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। मरवाही वनमंडल के पेंड्रा वन परिक्षेत्र में इन दिनों एक दुर्लभ सफेद रंग का भालू लोगों के बीच कौतूहल के साथ-साथ डर का कारण बना हुआ है। ताजा मामला कुदरी गांव का है, जहां सड़क किनारे घूमते इस भालू को राहगीरों ने अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में भालू सड़क पार कर पहाड़ी की ओर जाता दिखाई दे रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, यह भालू क्षेत्र में पहली बार नजर नहीं आया है। पिछले करीब एक साल से कुदरी और कुड़कई के जंगलों में इसकी मौजूदगी बनी हुई है। बताया जाता है कि सूर्यास्त के बाद यह अक्सर जंगल से निकलकर गांव और आबादी वाले इलाकों के नजदीक पहुंचता है और कुछ समय बाद वापस पहाड़ी की ओर लौट जाता है।

इससे पहले भी अलग-अलग स्थानों पर इसके देखे जाने की जानकारी सामने आई है। 26 और 27 अक्टूबर की शाम को इसे गिरारी स्थित पटियाला हाउस रेस्टोरेंट के पास देखा गया था। वहीं, 30 जुलाई को जमड़ीखुर्द और करीब पांच महीने पहले आमादांड गांव में भी ग्रामीणों ने इसी भालू को देखने का दावा किया था।

ग्रामीणों में बढ़ी चिंता, वन विभाग से गश्त बढ़ाने की मांग
लगातार अलग-अलग गांवों के आसपास भालू की मौजूदगी से किसान और राहगीर चिंतित हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से शाम के समय गश्त बढ़ाने और भालू की लोकेशन पर नजर रखने की मांग की है। वन अधिकारियों के मुताबिक, सूचना मिलने के बाद जांच दल को मौके पर भेजा गया है। साथ ही ग्रामीणों को शाम के समय अकेले जंगल की ओर नहीं जाने की सलाह दी गई है।

अन्नदाताओं का ग़ुलाल से अभिनंदन, श्रीफल औऱ पौधे देकर किया गया सम्मानित

आनुवंशिक बदलाव के कारण सफेद दिख रहा भालू
जानकारी के अनुसार, यह भालू भारतीय स्लॉथ बीयर प्रजाति का ही है। इसके शरीर का रंग सफेद दिखाई देने के पीछे एल्बिनिज़म या ल्यूसिज्म जैसी आनुवंशिक स्थिति को संभावित वजह बताया जा रहा है। इन स्थितियों में शरीर में मेलेनिन पिगमेंट की कमी के कारण सामान्य काले रंग के बजाय फर का रंग हल्का या सफेद नजर आ सकता है।

छत्तीसगढ़ के अचानकमार वन्यजीव अभयारण्य और मरवाही के घने जंगलों में भी इस तरह के सफेद भालुओं को देखे जाने की जानकारी सामने आती रही है।