रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब, कस्टम मिलिंग और कोल लेवी मामलों में आरोपी कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल को स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट में दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद न्यायाधीश ने रामगोपाल अग्रवाल को 17 जुलाई तक आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) की रिमांड पर भेज दिया है। बचाव पक्ष के वकील फैजल रिजवी ने बताया कि निर्धारित अवधि तक पूछताछ के बाद EOW दोबारा रामगोपाल अग्रवाल को कोर्ट में पेश करेगी।
बता दें कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल को बुधवार को EOW ने हिरासत में लिया था। वह छत्तीसगढ़ कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रहने के साथ-साथ नागरिक आपूर्ति निगम (नान) के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। बहुचर्चित मामलों में आरोपी बनाए जाने के बाद से वह लंबे समय से जांच एजेंसियों की तलाश में थे। कस्टम मिलिंग मामले में EOW ने उन्हें पूछताछ के लिए समन जारी किया था। इससे पहले मंगलवार को EOW ने रामगोपाल अग्रवाल के बेटे वैभव अग्रवाल से भी लंबी पूछताछ की थी। इसके बाद रामगोपाल अग्रवाल EOW कार्यालय पहुंचे, जहां उन्हें हिरासत में लिया गया।
कथित कस्टम मिलिंग प्रोत्साहन घोटाला धान मिलिंग के लिए राइस मिलर्स को दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि में कथित अनियमितताओं से जुड़ा है। जांच एजेंसी के अनुसार, वर्ष 2015 से 2023 के बीच नियमों के उल्लंघन कर कुछ राइस मिलर्स को अनुचित लाभ पहुंचाने का आरोप है। EOW ने इस मामले में करीब 127 करोड़ रुपये की अनियमितता का दावा किया है। हालांकि आरोपों की न्यायिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। वहीं, कथित कोल लेवी मामले में वर्ष 2020 से 2022 के बीच कोयला परिवहन और खनन से जुड़े कारोबार में अवैध वसूली के आरोप लगाए गए हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार, इस नेटवर्क के जरिए करीब 540 करोड़ रुपये की अवैध लेवी वसूली का दावा किया गया है। मामले में कई अधिकारियों, कारोबारियों और अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं।
इसके अलावा कथित शराब घोटाला भी राज्य के बड़े आर्थिक मामलों में शामिल है। जांच एजेंसियों के अनुसार, वर्ष 2019 से 2022 के बीच सरकारी शराब बिक्री व्यवस्था में कथित अनियमितताओं और अवैध गतिविधियों के जरिए सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने के आरोप हैं। एजेंसियों ने इस मामले में करीब 3,200 करोड़ रुपये के कथित घोटाले का दावा किया है। सभी मामलों में जांच और न्यायिक प्रक्रिया जारी है। आरोपों की अंतिम पुष्टि अदालत की प्रक्रिया के बाद ही होगी।

