राखी सावंत का उमराह वीडियो वायरल, अगले साल हज पर जाने की जताई इच्छा; फैंस बोले- ‘दिल की बहुत अच्छी हैं’

Follow Us

मुंबई। अभिनेत्री राखी सावंत एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनका एक वायरल वीडियो है, जो उमराह यात्रा के दौरान मक्का में रिकॉर्ड किया गया। वीडियो में राखी, जो इस्लाम अपनाने के बाद खुद को फातिमा नाम से भी परिचित कराती हैं, बेहद शांत और आध्यात्मिक अंदाज में नजर आ रही हैं। वीडियो में राखी कहती हैं, “मैं हूं राखी सावंत उर्फ फातिमा। यहां आना होता है तो अल्लाह खुद रास्ता बना देते हैं। इंशाअल्लाह, मैं अगले साल हज करूंगी।” उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो शेयर करने वाले एक प्रशंसक ने लिखा कि उन्हें आखिरकार राखी से मिलने का मौका मिला और वह बेहद विनम्र और दयालु स्वभाव की हैं। प्रशंसक ने दावा किया कि थकी होने के बावजूद राखी ने किसी भी व्यक्ति को अपने पास आने से नहीं रोका और सभी से प्यार से मिलीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, राखी अब तक नौ बार उमराह कर चुकी हैं। उनके इस आध्यात्मिक सफर को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

वीडियो पर फैंस ने जमकर प्यार बरसाया। एक यूजर ने लिखा, “वह बहुत प्यारी हैं।” वहीं दूसरे ने कहा, “जब अल्लाह किसी पर मेहरबान होते हैं तो कोई उसे रोक नहीं सकता।” कई लोगों ने राखी के बदले हुए व्यक्तित्व और उनकी सादगी की भी सराहना की। हालांकि, राखी के अगले साल हज पर जाने की बात उनकी अपनी इच्छा है। फिलहाल उनकी ओर से यात्रा की कोई आधिकारिक पुष्टि या कार्यक्रम साझा नहीं किया गया है।