BREAKING : राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, सड़क हादसे का शिकार हुई, गनमैन और ड्राइवर भी हुए घायल, इलाज जारी

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। भाजपा की राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा सड़क हादसे का शिकार हो गई हैं। हादसे में उनके हाथ में फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है। उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर AIIMS में भर्ती कराया गया है। वहीं उनके ड्राइवर को भी चोटें आई हैं।

जानकारी के मुताबिक, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा बलौदाबाजार में एक कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रही थीं। इस दौरान रायपुर से खरोरा की ओर जा रही एक कार और खरोरा से रायपुर की तरफ आ रहे ट्रैक्टर के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे के कुछ देर बाद राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा की गाड़ी भी दुर्घटना का शिकार हो गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में सांसद लक्ष्मी वर्मा के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है, वहीं उनके ड्राइवर के सीने और हाथ में चोट आई है। बताया जा रहा है कि सांसद की गाड़ी में कुल चार लोग सवार थे। वहीं अन्य घायलों को उपचार के लिए खरोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। घटना की सूचना मिलते ही खरोरा पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हादसे के कारणों और घायलों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।