राजेंद्र व्यास की काया पंचतत्व में विलीन

Follow Us
  •  स्थानीय लखोली मुक्तिधाम में पुत्र अंकित ने दी मुखाग्नि

राजनांदगांव। नगर के वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र व्यास की काया पंचतत्व में विलीन हो गई। गुरूवार को स्थानीय लखोली मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनकी अंतिम यात्रा में नगर सहित राजधानी एवं अन्य स्थानों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। मुक्तिधाम में उनकी आत्मा की शांति के लिए आयोजित श्रद्धांजलि सभा में भावुक क्षणों ने व्यासु जी की सहजता को प्रकट किया।


गुरूवार दोपहर 3 बजे लालबाग हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी से वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र व्यास की अंतिम यात्रा निकाली गई। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में पत्रकार बिरादरी सहित समाजसेवियों ने हिस्सा लिया। लखोली मुक्तिधाम में उनके सुपुत्र अंकित व्यास ने अपने पिता के पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी। उसके बाद श्री व्यास की आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में अपने श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए पारिवारिक सदस्य एवं अमृत संदेश के निदेशक राजीव वोरा ने राजेंद्र व्यास के निधन को पत्रकार जगत की अपूरणीय क्षति बताया।

श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए महापौर मधुसूदन यादव ने श्री व्यास की स्मृति को अक्षुण्ण रखने यादगार कार्य की घोषणा की। श्रद्धांजलि सभा को कांग्रेस शहर अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार, सबेरा संकेत के संपादक सुशील कोठारी ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर श्री व्यास के ममेरे भाई एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अरुण वोरा, राजनांदगांव के पूर्व कलेक्टर गणेश शंकर मिश्रा, वरिष्ठ पत्रकार बाबूलाल शर्मा, गायत्री शिक्षण समिति के अध्यक्ष बृजकिशोर सुरजन एवं श्री व्यास के मामा ससुर मधुसूदन पुरोहित सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं पत्रकारों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए। श्रद्धांजलि सभा का संचालन डॉ.सूर्यकांत मिश्रा ने किया।

श्री व्यास के योगदान को चिरस्थायी बनाया जाएगा : यादव

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए राजनांदगांव नगर पालिक निगम के महापौर मधुसूदन यादव ने वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र व्यास की स्मृति को चिरस्थायी बनाने की बात कही। श्री यादव ने कहा कि नगर पालिक निगम की ओर से श्री व्यास के कार्यों एवं उनके योगदान को यादगार बनाया जाएगा। इसके लिए नगर पालिक निगम की ओर से विशेष कार्य योजना बनाई जाएगी।