आसमान में छाए बादल; मौसम विभाग ने दी चेतावनी , दिल्ली-एनसीआर में दिखा चक्रवात ‘अर्नब’ का असर

Follow Us

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बुधवार सुबह हुई बूंदाबांदी के बाद तापमान में गिरावट के आसार बढ़ गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक दिल्ली और आसपास के इलाकों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि होने की भी संभावना है।मौसम में आए इस बदलाव का सीधा असर तापमान पर पड़ेगा। अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे दिन के समय भी ठंडक महसूस होगी। मौसम विभाग ने बारिश के साथ बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 29 अक्तूबर को सुबह से दोपहर तक हल्की बारिश के एक से अधिक दौर आने की संभावना है। कुछ इलाकों में मध्यम बारिश भी हो सकती है। गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने से मौसम का मिजाज और बदल सकता है। इस दिन दिल्ली में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से पांच डिग्री कम रह सकता है।

शुक्रवार, 30 अक्तूबर को भी दिल्ली-एनसीआर में मौसम के बदले तेवर बरकरार रहने की संभावना है। आसमान में आंशिक से लेकर आमतौर पर बादल छाए रह सकते हैं। सुबह से दोपहर बाद तक हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने के आसार हैं। इस दिन अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक था। हालांकि, अगले दो दिनों में मौसम के करवट लेने से अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री तक गिरावट आने का अनुमान है। बारिश और तेज हवाओं के चलते दिल्लीवासियों को गर्मी से राहत मिलने के साथ सर्द मौसम का अहसास हो सकता है।