नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। हिमाचल प्रदेश, असम, गुजरात और अन्य राज्यों में बाढ़, भूस्खलन और बादल फटने की घटनाओं से जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई इलाकों में सड़कें टूट गई हैं और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए बड़े पैमाने पर राहत अभियान चलाए जा रहे हैं। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति में बादल फटने से अचानक आई बाढ़ ने मयाड़ घाटी के धांधल नाला क्षेत्र में भारी नुकसान पहुंचाया। एक पुल और सड़क बह जाने से सात गांवों का संपर्क टूट गया है।
असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। राज्य में अब तक 68 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई जिले पानी में डूबे हुए हैं। प्रधानमंत्री ने राहत कार्यों की जानकारी ली है और प्रशासन प्रभावित इलाकों में सक्रिय है। गुजरात और दादरा एवं नगर हवेली में भी बारिश ने मुश्किलें बढ़ाई हैं। सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें राहत कार्यों में जुटी हैं। अब तक 790 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। मौसम विभाग ने ओडिशा समेत कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
