महाराष्ट्र में बारिश का तांडव: बाढ़ के तेज बहाव में युवक की मौत, दो लोग लापता

Follow Us

मुंबई। महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश ने कई इलाकों में मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ठाणे और नवी मुंबई में अचानक आई बाढ़ और तेज जलधारा की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग अब भी लापता हैं। प्रशासन और बचाव दल लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं।

ठाणे जिले के शाहपुर तालुका में कल्याण से आए पांच दोस्तों का समूह चोंढे इलाके के एक झरने पर घूमने पहुंचा था। अचानक तेज बारिश के बाद नाले का जलस्तर तेजी से बढ़ गया और सभी पर्यटक पानी के तेज बहाव में फंस गए। बचाव टीम ने तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन 21 वर्षीय आकाश देशमुख की जान नहीं बच सकी। वहीं, 34 वर्षीय दिनेश मंडलकर की तलाश जारी है।

दूसरी घटना नवी मुंबई के दीघा क्षेत्र में हुई, जहां 28 वर्षीय अंकुश गौड़ बांध में नहाने के दौरान लापता हो गए। पुलिस और राहत टीमों ने राफ्ट की मदद से खोज अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक उनका पता नहीं चल पाया। लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि झरनों, नदियों और बांधों जैसे खतरनाक जल क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें। मानसून में अचानक बढ़ता जलस्तर बड़ा खतरा बन सकता है।