नई दिल्ली। पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी पंजाब का दौरा करेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार गांधी सितंबर के पहले सप्ताह से पंजाब का दौरा यात्रा शुरू कर सकते हैं, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक तारीख तय नहीं की गई है। वह अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर (दरबार साहिब) में मत्था टेकने के बाद पंजाब कांग्रेस के सभी प्रमुख नेताओं के साथ बस यात्रा की शुरुआत कर सकते हैं। यह यात्रा संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से भी देखी जा रही है।
गांधी की यह बस यात्रा अमृतसर से शुरू होकर हुसैनीवाला बॉर्डर तक लगभग 135 किलोमीटर लंबी हो सकती है। इस दौरान यात्रा करीब 25 से 30 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरने की संभावना है।इस यात्रा में पंजाब कांग्रेस के सभी वरिष्ठ और स्थानीय नेता शामिल होंगे। इसे न केवल चुनावी रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है, बल्कि पार्टी के भीतर चल रही गुटबाज़ी और अंतर्कलह को खत्म करने की कोशिश के रूप में भी माना जा रहा है।
