गौरेला पेंड्रा मरवाही/रायपुर। मरवाही विकासखंड के ग्राम पंचायत धनौरा निवासी ओमकार प्रताप सिंह के लिए जन समस्या निवारण शिविर एक सुखद अनुभव लेकर आया। उन्हें अपने लर्निंग लाइसेंस बनवाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था, जिसके कारण उनके दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे थे। जब चर्चेडी में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर की जानकारी उन्हें मिली, तो उन्होंने अपनी समस्या का आवेदन परिवहन विभाग के समक्ष प्रस्तुत किया। शिविर में प्राप्त आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए परिवहन विभाग के अधिकारियों ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी की और उन्हें उसी समय लर्निंग लाइसेंस जारी कर दिया।
लर्निंग लाइसेंस मिलने से ओमकार प्रताप सिंह बेहद प्रसन्न हैं। उन्होंने कहा कि, शासन की इस पहल से आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान अब उनके गांव और क्षेत्र में ही हो रहा है, जिससे समय और धन दोनों की बचत हो रही है। ओमकार प्रताप सिंह ने अपनी समस्या के त्वरित निराकरण के लिए छत्तीसगढ़ केसीएम विष्णु देव साय जी का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि, जन समस्या निवारण शिविर शासन और जनता के बीच एक प्रभावी सेतु का कार्य कर रहा है, जिससे लोगों को त्वरित और पारदर्शी सेवाएं मिल रही हैं।
