नितिन नवीन के कार्यक्रम में शामिल नहीं होने पर सियासत तेज, विकास उपाध्याय ने भाजपा पर उठाए सवाल

Follow Us

रायपुर। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नहीं पहुंचने को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। खराब मौसम और विमान की लैंडिंग नहीं हो पाने के कारण वे कार्यक्रम स्थल तक नहीं पहुंच सके। हालांकि, उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभा को संबोधित किया। इस मामले में कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कई सवाल उठाए हैं।

विकास उपाध्याय ने कहा कि नितिन नवीन छत्तीसगढ़ में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने आने वाले थे, लेकिन अचानक उनके विमान में खराबी आने की बात कहकर कार्यक्रम में नहीं पहुंचने की जानकारी दी गई। उन्होंने इस घटनाक्रम पर सवाल उठाते हुए कहा कि आदिवासी समाज लंबे समय से इस दिन को ऐतिहासिक महत्व के साथ मनाता आ रहा है। उनके आरोप के मुताबिक, जनजातीय दिवस के नाम और आयोजन के स्वरूप में बदलाव किए जाने से समाज के लोगों में नाराजगी है और गांव-गांव में विरोध एवं असंतोष का माहौल बना हुआ है।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा को आदिवासी समाज की नाराजगी की जानकारी पहले से थी। उन्हें आशंका थी कि कार्यक्रम के दौरान विरोध प्रदर्शन हो सकता है और इसका संदेश राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकता है। विकास उपाध्याय ने दावा किया कि इसी संभावित विरोध के चलते नितिन नवीन के कार्यक्रम में शामिल नहीं होने का फैसला लिया गया और विमान खराब होने की बात सामने आई। हालांकि, उनकी अनुपस्थिति को लेकर भाजपा की ओर से खराब मौसम और विमान की लैंडिंग में बाधा को वजह बताया गया है।

धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित कई स्थानीय नेता और आदिवासी समाज के लोग शामिल हुए। यह आयोजन भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर किया गया था। फिलहाल नितिन नवीन की गैरमौजूदगी को लेकर राजनीतिक बयानबाजी जारी है। जहां एक ओर खराब मौसम को उनके नहीं पहुंच पाने की वजह बताया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर विकास उपाध्याय ने इसे आदिवासी समाज की कथित नाराजगी से जोड़ते हुए भाजपा पर सवाल उठाए हैं।