महाराष्ट्र में सियासी घमासान तेज: सांसदों की कथित बगावत पर संजय राउत का हमला, बोले- बेईमानी बर्दाश्त नहीं होगी

Follow Us

मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में चल रही उठापटक के बीच शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के नेता संजय राउत ने बगावत की अटकलों पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने पार्टी के कुछ सांसदों के संभावित पाला बदलने की खबरों के बीच चेतावनी देते हुए कहा कि पार्टी से बेईमानी करने वालों को जवाब देना होगा। दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में संजय राउत ने कहा कि पार्टी पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने बताया कि शिवसेना ने व्हिप जारी कर दिया है और जल्द ही संसदीय समिति की बैठक भी होगी।

राउत ने दावा किया कि, हाल ही में मातोश्री में हुई बैठक में सभी सांसदों ने पार्टी के साथ रहने की बात कही थी। उन्होंने कहा कि, अगर कोई नेता वादे और शपथ के बाद भी पार्टी छोड़ता है तो इसे कार्यकर्ता और जनता स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि, सांसदों को अपने पक्ष में करने के लिए बड़ी रकम की पेशकश की जा रही है। हालांकि इन आरोपों पर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

राउत ने कहा कि, सांसद शिवसेना के चुनाव चिन्ह और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व के आधार पर चुनाव जीते हैं। उन्होंने सभी सांसदों से स्थिति स्पष्ट करने की अपील करते हुए कहा कि, अगर कोई अलग रास्ता चुनना चाहता है तो उसे खुलकर सामने आना चाहिए। महाराष्ट्र में जारी इस सियासी हलचल के बीच अब सबकी नजर आने वाले दिनों की राजनीतिक गतिविधियों पर टिकी है।