राहुल गांधी के दौरे से पहले सियासी संग्राम: ‘जोकर’ वाले बयान पर बीजेपी-कांग्रेस में तीखी जुबानी जंग

Follow Us

रायपुर। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के 21 जून को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे से पहले प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। उनके आगमन को लेकर भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बीच तीखी बयानबाजी शुरू हो गई है। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा के एक विवादित बयान ने सियासी माहौल को और गर्म कर दिया है। पुरंदर मिश्रा ने राहुल गांधी के दौरे पर टिप्पणी करते हुए कहा कि, “दिल्ली से जोकर आ रहा है, अब छत्तीसगढ़ में कई दिनों तक सर्कस चलेगा।” उन्होंने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए राहुल गांधी के नेतृत्व पर भी सवाल उठाए।

भाजपा विधायक के इस बयान पर कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि, पुरंदर मिश्रा मानसिक संतुलन खो चुके हैं और केवल सुर्खियां बटोरने के लिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। उपाध्याय ने आरोप लगाया कि, भाजपा नेता राजनीतिक स्तर गिराने का काम कर रहे हैं।

इधर, कांग्रेस का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर अभनपुर में शुरू हो चुका है। इस शिविर में प्रदेशभर के जिला अध्यक्षों और संगठन पदाधिकारियों को संगठनात्मक प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रदेश प्रभारी भी शामिल होंगे। राहुल गांधी 21 जून को रायपुर पहुंचकर शिविर में हिस्सा लेंगे और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। उनके दौरे को लेकर प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।